महमूदाबाद। कोतवाली के पास नाला निर्माण के लिए हो रही खोदाई के दौरान भूमिगत एचटी लाइन का केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे फीडर पांच से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित है। बुधवार देर शाम तक मरम्मत का काम जारी रहा।
कोतवाली मार्ग पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पालिका की ओर से नाला निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार ने बिना संबंधित विभाग को सूचना दिए जेसीबी से खोदाई शुरू कर दी। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे केबल कट गया। रात होने के कारण मरम्मत शुरू नहीं हो सकी। बुधवार सुबह बिजली विभाग की टीम ने काम शुरू किया।
नई बाजार उत्तरी, दक्षिणी, शिवाजीनगर, रामपुर मथुरा मार्ग और नहर कॉलोनी समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली न होने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया है। बुधवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।