सीतापुर। तीन दिन से जिले में लगातार हो रही बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ गई है। 1142 गांवों में फॉल्ट की वजह से समस्या उत्पन्न हो गई। बारिश में बिजली विभाग की टीमों को पेट्रोलिंग करने में भी समस्या आई। इसके चलते आपूर्ति कहीं बहाल हुई तो कहीं देर शाम तक संकट बना रहा। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रामकोट व पिसावां उपकेंद्र से जुड़े करीब 400 गांवों में मंगलवार को दोपहर तीन बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। देर शाम तक इन गांवों में बिजली बहाल नहीं हो पाई। उपभोक्ताओं ने अफसरों को फोन किया तो उन्होंने बताया कि फॉल्ट आ गया है। बारिश में उसे तलाशने में काफी दिक्कत आ रही है। उपभोक्ता मोहित व राकेश ने बताया कि तीन दिन से समस्या विकराल बनी हुई है। कहीं एक घंटे तो कहीं दो घंटे ही बिजली आ रही है। इससे न तो घर के उपकरण चल पा रहे हैं और न ही पानी की समस्या दूर हो पा रही है।
बांसुरा व बभनेवा उपकेंद्र से जुड़े करीब 450 गांवों में मंगलवार शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बारिश में जंपर उड़ने, ट्रांसफार्मर में दिक्कत व पोल गिरने की शिकायतें आईं। बिजली विभाग की टीमों ने मरम्मत का काम प्रारंभ कर दिया है, लेकिन देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सिधौली व तंबौर इलाके के करीब 350 गांवों में भी समस्या उत्पन्न हो गई। अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि बारिश में फॉल्ट आ रहे हैं। टीमें इन्हें सही करने में जुटी हुई हैं।