सीतापुर। पुराना सीतापुर उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर में बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई। इससे करीब एक घंटे तक ट्रांसफॉर्मर से बिजली सप्लाई बंद हो गई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर फॉल्ट को देखा। वैकल्पिक तौर पर दूसरे ट्रांसफॉर्मर से आपूर्ति बहाल कराई गई। गुरुवार को नया ट्रांसफॉर्मर आने की उम्मीद है।
पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर से कजियारा, कोट, कर्बला सहित 20 से अधिक मोहल्लों में बिजली आपूर्ति की जाती है। बुधवार दोपहर अचानक ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई। इसके चलते आपूर्ति बंद हो गई। एसडीओ द्वितीय हिमांशु पटेल ने अपनी टीम के साथ उपकेंद्र पहुंचकर फॉल्ट देखी। इसके बाद उच्चाधिकारियों को सूचना दी। वैकल्पिक तौर पर दूसरे ट्रांसफॉर्मर से मोहल्लों में बिजली बहाल कर दी गई। एसडीओ ने बताया गुरुवार को दूसरा ट्रांसफॉर्मर आने की उम्मीद है।
लो वोल्टेज व ट्रिपिंग करती रही परेशान
भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े विकास नगर, श्रीनगर, नवीन चौक सहित अन्य मोहल्लों में बुधवार को ट्रिपिंग उपभोक्ताओं को परेशान करती रही। कई बार अघोषित कटौती हुई। एक से दो घंटे के बीच 20 मिनट तक ट्रिपिंग का सिलसिला चलता रहा। इसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी में बेहाल होना पड़ा।