लहरपुर (सीतापुर)। इलाके के गांव रुढ़ा भवनाथपुर में रविवार को एक पोल्ट्री फार्म में आग लग गई। अग्निकांड में करीब 25 सौ चूजे जिंदा जलकर मर गए। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और राजस्वकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
मोहल्ला जोशीटोला निवासी मोहम्मद सलीम ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने गांव रुढ़ा भवनाथपुर में अपनी भूमि पर पोल्ट्री फार्म बनाया था। रविवार को शॉर्ट सर्किट से उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकाराल रूप ले लिया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। उन्होंने बताया कि तीन हजार चूजे पाले गए थे। इसमें से 25 सौ जिंदा जल गए। पीड़ित ने करीब आठ लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई है। लेखपाल अनिल यादव ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया जाएगा।