सीतापुर। सड़क पर जलभराव और खराब सामग्री का इस्तेमाल इनकी गुणवत्ता प्रभावित कर रही है। नतीजतन मरम्मत के तीन माह तो कोई सड़क छह महीने में ही उखड़ लोगों की दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। उधड़ी पड़ी सड़कों के गड्ढे जोखिम बढ़ा रहे हैं तो वहीं इन पर गुजरने वाले वाहनों के शॉकर, सस्पेंशन, रिम आदि भी खराब हो रहे हैं। इससे वाहनों के रखरखाव का खर्च बढ़ गया है।
जिले के गांजर इलाके रामपुर मथुरा ब्लॉक में कई सड़कें खस्ताहाल हैं। रामपुर मथुरा से थानगांव को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत छह महीने पहले कराई गई थी। क्षेत्रीय ग्रामीण राजू ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण काम नहीं कराए जाने से सड़क वर्तमान समय में उखड़ने लगी है। ग्रामीण राम विजय ने बताया कि गड्ढा मुक्त अभियान महज औपचारिकता है। कई जगहों पर गड्ढों में गांव की नालियों का पानी भर गया है। इसी तरह तीन महीने पहले सुधारे गए रामपुर मथुरा से तिवारीपुर मार्ग की हालत भी खराब होने लगी है। इसके अलावा रामपुर मथुरा से गोंडा देवरिया जाने वाले करीब 12 किमी मार्ग का चौड़ीकरण का काम चार माह से बंद पड़ा है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एनएस भारती ने बताया कि सड़क की मरम्मत कराए जाने से लेकर दो साल की अवधि तक संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी होती है। बदहाल सड़कों की मरम्मत जल्द दुरुस्त कराई जाएगी।