इमलिया सुल्तानपुर। विकास खंड ऐलिया के रामनगर खटकरी गांव में जन्मे वैज्ञानिक डॉ. राम बख्श सिंह के सम्मान में केंद्र सरकार उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर स्मारक डाक टिकट जारी करेगी। यह डाक टिकट विज्ञान के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान को एक राष्ट्रीय पहचान देने के उद्देश्य से जारी किया जा रहा है।
डॉ. राम बख्श सिंह ने बायोगैस प्रौद्योगिकी में असाधारण कार्य कर भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई थी। उन्होंने सर्वप्रथम अपने गांव में देश का पहला गोबर गैस प्लांट बनाया और वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में देश को समर्पित किया। उनके प्रयासों ने ग्रामीण भारत में ऊर्जा संकट को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके शोध और नवाचारों को संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ ही अमेरिकी सीनेट में भी सराहना कर उन्हें सम्मानित किया गया।
वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में डॉ राम बख्श सिंह के इसी अभूतपूर्व योगदान को सराहते हुए उनके जन्म दिवस के शताब्दी वर्ष में केंद्र सरकार डाक टिकट जारी करेगी। उनका जीवन और कार्य न केवल सीतापुर बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके। स्मारक डाक टिकट के रूप में यह सम्मान उन व्यक्तियों के लिए एक संदेश होगा जो विज्ञान और नवाचार के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देना चाहते हैं।