इमलिया सुल्तानपुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय जार प्रथम (टिकरा) पहुंचकर वहां की सुविधाएं परखीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों को परोसे जाने वाले दोपहर के भोजन (एमडीएम) में बने चावल व दाल को चखा। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने पर नाराजगी जताते हुए इसकी गुणवत्ता सुधारने व बच्चों की हाजिरी बढ़ाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जब डीएम विद्यालय पहुंचे तो उस समय बच्चों के लिए दोपहर का भोजन तैयार हो रहा था। उन्होंने एक थाली में दाल चावल मंगवा कर इसका स्वाद चखा। इसके बाद मौजूद शिक्षिका से रसोई में डिब्बे में रखी दाल को मंगवाया। डिब्बे में छिकलेवाली घटिया गुणवत्ता की दाल मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए भोजन की गुणवत्ता को सुधारने का निर्देश दिया। विद्यालय में पंजीकृत 65 बच्चों में से मौके पर 42 बच्चे ही मिले। जिलाधिकारी ने कक्षा कक्ष में जाकर बच्चों से कई विषयों से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वह पूर्ण मनोयोग से पढ़ाई करें।