जिले में तकरीबन 80 हजार पेंशनधारकों के सामने इन दिनों आर्थिक संकट गया है। कारण यह है कि योगी सरकार ने अखिलेश सरकार की समाजवादी पेंशन के सत्यापन तक लाभार्थियों को पेंशन देने पर रोक लगा दी है।
इससे इनके सामने दो जून की रोटी का जुगाड़ करने के लिए लोगों के सामने हाथ फैलाने पड़ रहे हैं, तब कहीं जाकर उनके पेट की आग बुझ पा रही है। उधर, जिम्मेदारों का कहना है कि शासन के निर्देश पर पेंशन कार्यों का वेरीफिकेशन चल रहा है।
बता दें कि निर्धन बुजुर्गों की जीविकोपार्जन के लिए सरकारों ने वृद्घावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन योजना चला रखी है। पिछले पंच वर्षीय अखिलेश सरकार ने वृद्घावस्था पेंशन योजना का नाम समाजवादी पेंशन योजना कर दिया था। इस योजना में सीतापुर जनपद में तकरीबन 88253 लाभार्थियों को पेंशन दी जा रही है।
सत्ररहवीं विधानसभा चुनाव में प्रदेश में नया निजाम योगी आदित्यनाथ आए। योगी सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना में सत्यापन कराने का आदेश जारी कर दिया। वेरीफिकेशन कार्य पूरा होने तक सरकार लाभार्थियों के पेंशन पर रोक लगा दी। पेंशन पर रोक लगने की वजह से गरीबों के खातों में पेंशन पहुंचना बंद हो गई है।
समाजवादी पेंशन योजना का शासन के फरमान पर सत्यापन चल रहा है। यह कार्य पूरा होते ही पेंशन धारकों के खातों में पेशन पहुंचाई जाएगी। - सुधांशु शेखर, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी