रामकोट/सीतापुर। सीतापुर से हरदोई जाने वाली मुख्य सड़क कस्बे के अंदर तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से राहगीरों की जान हर समय जोखिम में रहती है। बरसात के मौसम में बाइक और छोटे वाहन अक्सर गड्ढो में पानी भरा होने की वजह से इसमें फंसकर पलट जाते हैं।
रविवार को दिनभर एक के बाद एक 6 ई-रिक्शे गड्ढे में फंसकर पलट गए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। यह मार्ग जिला मुख्यालय को नैमिषारण्य से भी जोड़ता है। नैमिष जाने वाले श्रद्धालु और कांवड़ियों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। कई बार शिकायत के बाद भी लोक निर्माण विभाग के अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।