सीतापुर। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद से खंड निर्वाचन क्षेत्र एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। निर्वाचन 7 दिसंबर से पूर्व संपन्न करा लिया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट विशाल भारद्वाज ने बताया चुनाव आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश विधान परिषद से खंड निर्वाचन क्षेत्र एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन 2020 के निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
निर्वाचन की अधिसूचना 5 नवंबर को जारी की जाएगी। उन्होंने बताया नाम निर्देशन की अंतिम तारीख 12 नवंबर है। नाम निर्देशनों की जांच 13 नवंबर को होगी। 17 नवंबर नाम वापसी की अंतिम तारीख निर्धारित है। मतदान 1 दिसंबर को पूर्वाह्न 8 बजे से सायं 5 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 3 दिसंबर को होगी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के उक्त घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।