अवैध लकड़ी कटान में मिली वसूली की रकम के बंटवारे को लेकर शुक्रवार को कमलापुर एसओ राम औतार यादव व दरोगा के बीच जमकर विवाद हुआ। कमलापुर थाने में ही दोनों में गाली-गलौज हुई। बात हाथापाई तक पहुंच गई।
उधर, दोनों के बीच बवाल का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इस पर आला अधिकारी सकते में आ गए। एएसपी दक्षिणी सुभाष चंद गंगवार का कहना है कि वीडियो वायरल होने की सूचना नहीं है। एसओ व दरोगा में कहासुनी हुई है।
कमलापुर एसओ रामऔतार यादव, हल्का नंबर दो के दरोगा त्रिवेणी यादव व हल्का नंबर तीन के दरोगा मुकुट यादव के बीच शुक्रवार को थाने में जमकर बवाल हुआ। दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। बात मारपीट तक पहुंच गई लेकिन थाने में मौजूद अन्य सिपाहियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
इस दौरान एक जागरूक नागरिक ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया। उधर, यह पूरा मामला सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल हुए वीडियो में एसओ के साथ जहां इन दोनों उपनिरीक्षकों ने जुबान खींच लेने तक धमकी दी और गाली-गलौज की। जवाब में एसओ ने दरोगा को गंदी गाली तक दे डाली।
मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो सभी सकते में आ गए। दरअसल, वीडियो में दरोगा, एसओ से अवैध लकड़ी कटान का हिस्सा मांगते सुने जा रहे हैं। दरोगा, एसओ से अपने हिस्से के रुपये मांग रहा है।
साथ ही एसओ पर अवैध रूप से लकड़ी कटाकर घर पहुंचाने का आरोप लगाते हुए दरोगा ने एसओ को चोर तक कह डाला। बवाल बढ़ने पर एसओ व दरोगा में हाथापाई तक की नौबत आ गई। हालांकि वहां मौजूद कुछ पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। खुलेआम थाने में हो रहे इस विवाद को देखकर आसपास के लोग भी पहुंच गए।