सीतापुर। एनआरसी पर विरोध प्रदर्शनों की आशंका को लेकर पूरे जिले की पुलिस हाई अलर्ट पर है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों पर पैनी नजर रखते हुए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। साथ ही खबरदार किया गया है कि यदि किसी ने धारा 144 का उल्लंघन करने की जुर्रत की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए डीएम-एसपी से लेकर उनके मातहत अफसर भी मुस्तैद हैं।
शुक्रवार को जुमा की नमाज के मद्देनजर गुरुवार को पुलिस ने जगह-जगह संभ्रांत व वरिष्ठ नागरिकों के साथ ही उलेमाओं संग बैठकें की हैं। लोगों को समझाया गया कि एनआरसी से किसी धर्म विशेष के लोगों को नुकसान नहीं होगा। ऐसे में भ्रामक व भड़काऊ सूचनाओं पर कतई ध्यान न दें। बल्कि ऐसा करने वालों के बारे में फौरन पुलिस को सूचना दें।
इसी को लेकर डीएम अखिलेश तिवारी व एसपी एलआर कुमार ने गुरुवार को लहरपुर कस्बे में उलेमाओं संग बैठक की। इसमें सभी से अमन-चैन बनाए रखने की अपील की गई। जिला मुख्यालय पर भी पुलिस अधिकारी उलेमाओं व संभ्रांत लोगों के संपर्क में रहे। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह व कोतवाल अंबर सिंह ने पुलिस लाइन से लालबाग होते हुए कोट, कजियारा, सिटी स्टेशन, मन्नी चौराहा आदि इलाके में जवानों के साथ पैदल मार्च किया।
शहर के कोट, कजियारा, सिटी स्टेशन व मन्नी चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इसके अलावा लहरपुर, बिसवां, महमूदाबाद, सिधौली, खैराबाद आदि क्षेत्रों में जगह-जगह शांति कमेटी की बैठकें की गईं और पुलिस ने पैदल मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।