रामकोट। पुलिस का लोगो लगी लग्जरी कार से 14.4 किलो गांजा बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ सीतापुर व लखनऊ में नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के नेटवर्क को खंगाल रही है।
पुलिस ने मंगलवार को 14 किलो 400 ग्राम गांजे के साथ शहर के शमशेर बाग निवासी आशीष अकेला को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि वह सीतापुर शहर, मैगलगंज और शाहजहांपुर इलाके में ऊंचे दाम पर गांजा बेचता था।
सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि सोमवार रात में रामकोट पुलिस ने मिर्जापुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान एक कार को देखा। पुलिस देख चालक आशीष ने भागने के प्रयास में कार को मिर्जापुर मोड़ से सलेमपुर जाने वाली सड़क पर मोड़ दिया। कार सड़क किनारे बनी नाली और गड्ढे में अटक गई। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार की पिछली सीट से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी बरामद हुई, जिसमें गांजा था। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।