सीतापुर/ नैपालापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में किराए से रह रही दो युवतियों को कोतवाली देहात पुलिस ने हिरासत में लिया है। युवतियाें का कहना है कि उन्होंने आपस में विवाह कर लिया है। बरेली के मोहल्ला मीरगंज की निवासी एक 19 वर्षीय युवती ने बताया कि वह मानपुर के पकरिया की रहने वाली युवती के साथ बिजवार में रह रही है। दोनों ने मानपुर के ब्रम्हचारिणी माता मंदिर में विवाह भी कर लिया है। लेकिन उसके परिजन व ननिहाल के लोग जबरन दोनों को एक-दूसरे के साथ रहने से मना कर रहे हैं। मामले में सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि बरेली की रहने वाली युवती की गुमशुदगी लखीमपुर जिले में लिखी गई थी। दोनों बिजवार में किराए पर रहकर जिला मुख्यालय काम की तलाश में जाते थे। इस दौरान उनका संपर्क एक ई-क्शा चालक से हुआ। लखीमपुर पुलिस कुछ दिन पहले सीडीआर के माध्यम से ई-रिक्शा चालक के घर पहुंची। उस दौरान लखीमपुर पुलिस ने यहां की पुलिस से संपर्क नहीं किया था। चालक के परिजनों ने इसकी शिकायत यूपी 112 पर की। जिसके बाद दोनों के परिवार से थाने में पूछताछ जारी है। दोनों में पारिवारिक संबंध हैं।