ट्रक के रौंदने से हुई थी साथी की मौत, उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर मानें
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र में कांवड़िये की मौत के बाद देर रात तक हंगामा चलता रहा। मौके पर पहुंचे एडीएम और एएसपी ने परिजनों को शांत कराया जिसके बाद शव को हटाकर जाम खुलवाया गया।
कोतवाली सिधौली के मोहल्ला प्रेमनगर उत्तरी निवासी राजा कौशल (13) नैमिषारण्य से जल लेकर सिधौली जा रहा था। संदना में सिधौली मार्ग पर डगरहा धाम आश्रम के पास ट्रक ने राजा कौशल को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नाराज कांवड़ियों ने मार्ग को जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थानीय पुलिस पहुंची तो लाठी-डंडों से लैस कांवड़ियों ने मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुलिस को भी दौड़ा लिया। फिर पुलिस ने भी उनको खदेड़ दिया। इस दौरान कई गाड़ियों को रोक दिया गया जिसमें एक एंबुलेंस भी थी। कई थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। उच्चाधिकारियों में सबसे पहले एएसपी दक्षिणी एनपी सिंह पहुंचे और उन्होंने हालात को संभाला। कांवड़िए डीएम, एसपी को बुलाने की बात पर अड़े रहे।
मुश्किल से माने कांवड़िये, केस दर्ज
कांवड़ियों ने बताया कि वह लोग अनुमति लेकर ही निकले थे। उसके बावजूद सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। देर रात मौके पर एसडीएम रामभरत तिवारी पहुंचे दोनों ने मिलकर कांवड़ियों को शांत कराया। एएसपी दक्षिणी एनपी सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेने के साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों को सहायता राशि भी दिलाई जाएगी। शव का अंतिम संस्कार परिजनाें ने कर दिया है।