सीतापुर। आरक्षण की सूची जारी होते ही जिले की पुलिस भी अलर्ट हो गई है। एसपी आरपी सिंह ने जिले के सभी थानेदारों को अलर्ट कर गांव के माहौल पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए हैं। बुधवार को चुनाव सेल की बैठक कर कई पहलुओं पर कार्रवाई करने और चुनावी तैयारी करने के आदेश पुलिस कर्मियों को दिए गए।
एसपी ने सीओ से लेकर थानेदारों को चौकन्ना करते हुए आदेश दिया है कि अब चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। आरक्षण सूची में सीटों के फेरबदल के बाद से कोई खुश तो कोई नाखुश होगा, ऐसे में जरा सी बात बड़े बवाल का रूप ले सकती है। इसी को लेकर सभी थानेदार अलर्ट रहें। सूत्र और मुखबिरों की मदद लें। गांव के माहौल पर थानेदारों की हर वक्त नजर रहे। कहीं कुछ गड़बड़ हो तो तत्काल अफसरों को सूचित कर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। किसी भी मामले को अब हल्के में लेने की भूल न करें।
एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि आरक्षण सूची जारी होने के बाद लोगों ने कार्रवाई का दायरा और बढ़ा दिया है। गांवों में पुलिस का मूवमेंट बढ़ा दिया गया है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
आरक्षण सूची जारी होने के बाद उसे मेल से थानों पर भेज थानेदारों को अलर्ट कर दिया गया है। अब पुलिस का उन गांवों में मूवमेंट बढ़ेगा। आरक्षण में हुए बदलाव के पहले चुनाव लड़ने वाले दावेदारों और अब चुनाव के लिए सामने आ रहे लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशीलता को देेखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
- आरपी सिंह, एसपी