सीतापुर। मोहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां कर रखी है। सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। चिह्नित क्षेत्रों में पुलिस का भ्रमण चल रहा है। एएसपी मधुवन सिंह ने बताया कि थानों की पुलिस के अलावा दो प्लाटून पीएसी, 254 रिक्रूट आरक्षी भी तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा को लेकर किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। सीतापुर जिला मुख्यालय सहित महमूदाबाद, खैराबाद, बिसवां, लहरपुर, तंबौर, हरगांव, सिधौली, कमलापुर, रामपुर मथुरा, रेउसा, महोली, मिश्रिख, संदना, इमलिया सुल्तानपुर में लोग अकीदत के साथ गमे हुसैन मनाते हैं।
दस मोहर्रम के जुलूस को लेकर अकीदतमंद तैयारियों में जुटे हैं। शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न कराने को लेकर पुलिस मुस्तैद है। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी तैयारी कर रखी है। एएसपी उत्तरी मधुवन कुमार सिंह का कहना है कि शहर में रूट डायवर्जन नहीं किया गया है।
लेकिन यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व यातायात पुलिस तैनाती की गई है। खैराबाद के बावन डंडे के ताजिए के जुलूस को लेकर बिसवां का रूट डायवर्जन किया गया है।
ऐतिहासिक है बावन डंडे का ताजिया
पीर बुजुर्गों की धरती कहे जाने वाले खैराबाद में ऐतिहासिक बावन डंडे का ताजिया उठाया जाता है। लोग बूढ़े बाबा का ताजिया भी कहते हैं। बताते हैं कि खैराबाद में 52 कदीमी मोहल्ले हैं, जिसके कारण हर मोहल्ले के लोगों शामिल कर इसे तैयार किया जाता है। बावन डंडे को लेकर काफी तादात में जायरीन जियारत को पहुंचते हैं।