पिसावां (सीतापुर)। कस्बे में आयोजित स्व. अनुरुद्ध सिंह, सुशील सिंह, गोलू सिंह स्मारक पीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में खेला गया। निर्णायक मुकाबले में पिसावां चैंपियन टीम ने जमुनापुर टीम को मात देकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर जमुनापुर टीम ने पहले फील्डिंग का फैसला लिया। पिसावां चैंपियन टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में सात विकेट खोकर 144 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुनापुर टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम 18 ओवर में 89 रनों पर ही आउट हो गई। पिसावां की गेंदबाजी में रिजवान ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 10 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जिसमें एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर उन्होंने मैच की दिशा बदल दी।
शानदार गेंदबाजी के लिए रिजवान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के बाद मुख्य अतिथि आदित्य सिंह और अनिल सिंह ने विजेता पिसावां चैंपियन टीम को ट्राफी के साथ 14 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उपविजेता जमुनापुर टीम को सात हजार रुपये का नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों और आयोजकों ने सभी दर्शकों, प्रायोजकों और अतिथियों का आभार जताया।