कुंवर गड्डी। अटरिया थाना क्षेत्र में हाईवे पर शुक्रवार को सब्जियों से लदा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार युवक जख्मी हो गए। बताते हैं कि तेज रफ्तार पिकअप का टायर फटने से हादसा हुआ है।
मछरेहटा के बनियामऊ निवासी अनीस अहमद (40), शत्रोहन (30), रामकिशोर (32) व कमलेश कुमार (38) शुक्रवार सुबह लखनऊ सब्जी मंडी से सब्जियां लादकर पिकअप वाहन से गांव जा रहे थे। तभी नेशनल हाईवे के कुंवरपुर चेकपोस्ट के पास अचानक पिकअप का टायर फट गया।
इस वजह से पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में पिकअप सवार चार लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पिकअप को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करवाया।