विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों में लग गया है। 11 मार्च को मतगणना एटीसी परिसर में होगी। प्रशासन ने मतगणना के दिन सुरक्षा को लेकर प्लान बना लिया है। सुरक्षा प्लान थ्री लेयर का होगा।
मतगणना के लिए एटीसी परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहेगी। थ्री लेयर में सुरक्षा प्लान होगा। मतलब, मतगणना स्थल पर कम से कम तीन जगह सघन चेकिंग और तलाशी से गुजरना होगा।
मतगणना स्थल पर सिर्फ ड्यूटी वाले लोग, निर्वाचन आयोग के नुमाइंदे, सुरक्षाकर्मी और सियासी एजेंट जा सकेंगे। मतगणना में लगे अफसरों व कर्मियों और मतगणना एजेंटों की प्रथम चेकिंग मतगणना स्थल के प्रवेश द्वार पर होगी। दूसरी स्तर की चेकिंग मतगणना कक्ष से पहले होगी।
अंतिम चेकिंग मतगणना कक्ष में प्रवेश के समय होगी। त्रिस्तरीय सुरक्षा प्लान के तहत प्रत्येक सर्चिंग प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में हथियारों से लैस पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। मेज के हिसाब से काउंटिंग पार्टियों का गठन किया जाएगा।