सीतापुर। पुराना सीतापुर उपकेंद्र के जुड़े मोहल्लों में शुक्रवार को 10 घंटे बिजली गुल रही। लंबी कटौती से मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया। स्कूलों में नौनिहाल उमस भरी गर्मी में परेशान हुए। इस दौरान करीब 50 हजार आबादी प्रभावित रही। उपकेंद्र में लगे ट्रांसफॉर्मर को बदलने की वजह से शटडाउन लेने के कारण यह समस्या आई।
पुराना सीतापुर उपकेंद्र पर लगा पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर दो दिन पहले फुंक गया था। वैकल्पिक तौर पर दूसरे ट्रांसफॉर्मर से किसी तरह आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। गुरुवार को लखनऊ से नया ट्रांसफॉर्मर आ गया था। शुक्रवार सुबह 10 से रात आठ बजे तक इसकी शिफ्टिंग का काम किया गया। इस दौरान शटडाउन लेने के कारण उपकेंद्र से जुड़े 25 से अधिक मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बंद रही। बिजली न आने से घरों में पेयजल संकट भी खड़ा हो गया। अधिकतर लोग निजी हैंडपंप पर निर्भर रहे। कारखाने बंद होने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बेकरी चलाने वाले सैदू ने बताया कि बिजली न आने की वजह से शुक्रवार को काम पूरी तरह बंद रहा। सुबह मजदूर आए थे। दिनभर बिजली आने का इंतजार करते रहे जब दोपहर बाद तक बिजली नहीं आई तो सभी मजदूर को लौटना पड़ा। करीब दो हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं बिजली गुल रहने से प्राथमिक विद्यालय कजियारा में नौनिहाल गर्मी में परेशान नजर आए। कई बड़े व्यापारियों ने जेनरेटर के सहारे किसी तरह अपना काम चलाया। एसडीओ द्वितीय हिमांशु पटेल ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर को बदलने की वजह से उपकेेंद्र में शटडाउन लिया गया था। इस वजह से थोड़ी परेशानी हुई।
हुसैनगंज उपकेंद्र के ट्रांसफॉर्मर की हुई टेस्टिंग
हुसैनगंज उपकेंद्र पर लगा 10 एमवीए का ट्रांसफॉर्मर दो दिन पहले आया था। शुक्रवार को इसे लगाकर टेस्टिंग की गई। एसडीओ खैराबाद सफलदीप ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर अब चालू हो गया है। इस ट्रांसफॉर्मर से नैपालापुर, खैराबाद सहित अन्य इलाकों में बिजली की आपूर्ति की जाती है।
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक हुई कटौती
सीतापुर। सिटी पॉवर हाउस से जुड़े सिविल लाइन फीडर की शुक्रवार को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक चार घंटे आपूर्ति बंद रही। इस वजह से बैजनाथ कॉलोनी, ऑफिसर कॉलोनी व आगा कॉलोनी में आपूर्ति ठप रही। एसडीओ प्रथम रवि गौतम ने बताया कि पेड़ों की छटाई के चलते आपूर्ति बंद की गई थी। इस लंबी कटौती के चलते घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। गर्मी में लोग परेशान दिखे।
भवानीपुर उपकेंद्र में भी जमकर हुई कटौती
भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में शुक्रवार को तीन से चार घंटे की अघोषित कटौती हुई। इन मोहल्लों में कहीं पर तार टूटने तो कहीं पर फॉल्ट के चलते दिक्कतें आई। विकास नगर, खूबपुर, नवीन चौक आदि इलाकों में आपूर्ति बाधित रही।