हर रोज तापमान बढ़ने से आमजन बेहाल हैं। तपिश के साथ बढ़ी उमस लोगों को परेशान करने लगी है। पारा 38 डिग्री पर पहुंच गया है। अप्रैल में मई-जून सरीखी गर्मी का लोगों को अहसास हो रहा है।
आग उगलता सूरज व धूल भरी हवाओं ने जीना मुहाल कर दिया है। तपिश व धूल से बचने को लोग चेहरे पर कपड़ा लपेटकर बाहर निकल रहे हैं। मंगलवार की सुबह 7 बजे से सूरज मानो आग बरसाने लगा। धूप की तपिश सहन करना मुश्किल हो गया। दिन चढ़ने के साथ तपिश भी बढ़ती रही।
दोपहर में बदन झुलसा देने वाली तपिश के साथ धूल भरी गर्म हवा चलने से आम जन बेहाल हो उठा। पारा 38 डिग्री पहुंचने और गर्म हवाएं लोगों को बेचैन करती रहीं। भीषण गर्मी देख दोपहर में लोग बाहर निकलने से कतराते रहे।
उमस का आलम यह रहा कि सूरज ढलने के बाद भी घरों व दफ्तरों में पंखे-कूलर चलने के बावजूद लोग पसीने से तर होते रहे। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।