केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया की तर्ज पर सपा सरकार ने डिजिटल इंडिया ई-उत्तर प्रदेश की शुरुआत की है । इसके तहत कार्यशालाएं आयोजित कर लोगों को ई-गवर्नेंस के प्रति जागरूक कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जानी है।
मंगलवार को सिधौली तहसील सभागार में आयोजित कार्यशाला में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने डिजिटल इंडिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा शासन की मंशा है कि जनसामान्य के लोग ई-गवर्नेंस का अधिकाधिक लाभ लें। इसके लिए विभागीय अफसर लोगों को जागरूक करें।
एनआईसी के प्रोजेक्ट मैनेजर एपी सिंह ने लोगों को लैपटॉप वितरण योजना, शासकीय सेवाओं को लेकर चल रहे जनसुविधा-जनसेवा-लोकवाणी केंद्रों, वूमेन पावर लाइन, आईटी सॉफ्टवेयर, स्किल डवलपमेंट, इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर, आईटी पॉलिसी आदि की जानकारी दी।
इस दौरान एसपी राजेश कृष्ण, सीडीओ शिवेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम सुरेश सोनी आदि अफसर मौजूद थे ।