बिसवां/ झरेखापुर (सीतापुर)। खादी ग्रामोद्योग मंत्री के भाई और परसेंडी में महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को बिसवां के पत्थर शिवाला, लालपुर गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। ढाई सौ मीटर का इलाका सील कर दिया गया है। आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है।
मंत्री के भाई के पॉजिटिव मिलने के बाद शाम को डीएम अखिलेश तिवारी, सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ पत्थर शिवाला स्थित उनके घर पहुंचे। डीएम और सीएमओ ने मरीज की पत्नी और बेटी से पूरे मामले की जानकारी जुटाई। परिवार को धैर्य और संयम बनाए रखने का आश्वासन दिया।
इसके बाद मरीज के घर से लेकर मोहल्ले, गलियों में सैनिटाइजेशन का काम तेजी से शुरू करा दिया गया है। डीएम ने कोरोना प्रोटोकाल के तहत मरीज के घर से लेकर 250 मीटर का दायरा सील कर दिया गया है। पत्थर शिवाला बिसवां कस्बे का मुख्य चौराहे पर है। ऐसे में पत्थर शिवाला के हॉटस्पॉट बनते ही आसपास की सभी दुकानें बंद करा दी गई हैं।
डीएम ने बताया कि घर के अंदर सीएमओ ने सैनिटाइजेशन का काम शुरू कराया है। डीएम, सीएमओ ने हॉटस्पॉट क्षेत्र का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्टर बृजेश राय ने बताया कि हॉटस्पॉट पत्थर शिवाला में मुख्य मार्ग पर चार बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस भी तैनात कर दी गई है। अंदर गलियों में भी बैरिकेडिंग हो गई। आवाजाही पूरी तरह से बंद करा दी गई है।
वहीं, परसेंडी ब्लॉक के लालपुर गांव की महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव को डीएम ने हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। यहां भी 250 मीटर के परिधि में सील की कार्रवाई करते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। टीमें गठित कर घर-घर सर्वे का काम भी शुरू करा दिया गया है।
पत्थर शिवाला के प्रबंधक हैं मंत्री के भाई, मंदिर भी सील
कोरोना संक्रमित मिले मंत्री के भाई पत्थर शिवाला के प्रबंधक भी हैं। बताते हैं कि वह पत्थर शिवाला में बने आवास में ही रहते हैं। हॉटस्पॉट बनने के साथ ही मंदिर को भी प्रशासन ने सील करा दिया है। यहां आने-जाने वालों को चिह्नित करने का काम तेज कर दिया गया है।