काफी थी भीड़, गैर जनपद से आए केस
जिला अस्पताल में जांच करने वाले पहुंचे मोहित ने बताया कि एक्सरे करवाना बहुत टेढ़ीखीर साबित हो रहा है। सुबह करीब 11 बजे पहुंचे थे तो काफी भीड़ हो चुकी थीं। कर्मचारी ने बताया कि हरदोई के कई केस आए हैं। इसलिए कल जांच करवाने आना।
नंबर ही नहीं आया, शुक्रवार को फिर बुलाया
हर्ष ने बताया कि अल्ट्रासाउंड का भी यही हाल है। हरदोई के मरीज पहले से ही लाइन में थे। हम लोगों को दोपहर 12 बजे समय दिया गया था लेकिन मरीज इतने अधिक हो गए। लेकिन नंबर नहीं आया। अब फिर से शुक्रवार सुबह बुलाया गया है। उसके बाद ही जांच हो पाएगी।
सीतापुर। हरदोई जिले से आने वाले मरीज जिले के मरीजों की राह में रोड़ा बन रहे हैं। इस वजह से जिला अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन करवाना मुश्किल हो रहा है। सुबह से ही बढ़ती भीड़ व नंबर मिलने के बाद भी जांच नहीं हो पा रही है। इससे मरीज अगले दिन दोबारा अस्पताल आने को मजबूर हैं। समय से इलाज न मिल पाने के कारण काफी अधिक दिक्कतें आती हैं।
हरदोई जिले में रेडियोलॉजिस्ट न होने की वजह से वहां के लीगल मामले सीतापुर जिला अस्पताल रेफर किए जाते हैं। सीतापुर में पहले से ही मरीजों की काफी अधिक भीड़ रहती है। जिला अस्पताल के मुताबिक हरदोई के रोजाना 15-20 केस सीतापुर आते हैं। इससे अधिक मरीज सीतापुर के होते हैं। इससे पैथाेलॉजी में भीड़ बढ़ जाती है।
सुबह आठ बजे से नंबर लगने शुरू होते हैं। 11 बजे के बाद पर्चा जमा नहीं किया जाता है। अगर 11 बजे पर्चा जमा हुआ तो दोपहर एक बजे नंबर आता है। अगर इमरजेंसी में मरीज आ जाते हैं तो उस दिन जांच नहीं हो पाती है। इससे वह वापस लौट जाते हैं। यह मुसीबत काफी समय से बनी हुई है। इससे वह बाहर से जांच करवाने को मजबूर होते हैं।
अधिक हो रहे है मरीज
जिला अस्पताल में हरदोई जिले के मरीज आ रहे हैं। मरीज की संख्या अधिक होने की वजह से जांच में समय लगता है। फिर भी प्रयास रहता है अधिक से अधिक मरीजों की उसी दिन जांच हो जाए।
डॉ. इंदर सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल