शहर में लालबाग बाजार, आंख अस्पताल मार्ग, रानी कोठी, घंटाघर सहित अन्य स्थानों पर हर समय भीड़ रहती है। ये स्थान जिले के प्रमुख बाजार में शामिल हैं। यहां पर शहर से दूरदराज तक के लोग खरीदारी करने आते है।
पार्किंग व्यवस्था न होने से लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए इधर-उधर जगह तलाश करनी पड़ती है या फिर वे सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते है। इससे सड़क पर अतिक्रमण होने से जाम लग जाता है। यह समस्या काफी समय से बनी थी।
इससे निजात दिलाने को कई बार जिला और पुलिस प्रशासन ने शहर में पार्किंग व्यवस्था के लिए खाका तैयार किया पर उसे अमली जामा नहीं पहना सके। अब शासन स्तर से सीतापुर मॉडल सिटी के रूप में चयनित हो चुका है। ऐसे मेें प्रशासन ने इसे लेकर तेजी से कदम बढ़ा दिए है।
वाहनों को पार्क करने के लिए शहर में सात स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन स्थलों में से एक स्थल फाइनल किया जाएगा। बाद में उसे डीएम के समक्ष रखा जाएगा। डीएम उस पर फाइनल मुहर लगाएंगे।