खैराबाद (सीतापुर)। खैराबाद के भुईयांताली तीर्थ का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इससे तीर्थ की खूबसूरती में चार चांद लगेंगे। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। जल्द ही विकास कार्य शुरू होंगे।
एपीओ नितिन वर्मा ने बताया कि मनरेगा के तहत 21 लाख रुपये की लागत से भुइयांताली तीर्थ परिसर में सुंदर पार्क का निर्माण कराया जाएगा। मनरेगा तकनीकी सहायक टीम के मनोज श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव व देवानंद निरीक्षण कर चुके हैं।
भुइयांताली तीर्थ परिसर में भुइयां ताल के पड़ोस बनने वाले ऐतिहासिक पार्क की नाप हो चुकी है। 90 फिट लंबे व 55 फिट चौड़े इस पार्क में गोल झोपड़ी, इंटरलॉकिंग, शोभादार पेड़, झूले व फौव्वारा लगाने का काम मनरेगा के तहत किया जाएगा। तीर्थ को रमणीय स्थल के रूप में विकसित कराया जाएगा। कमाल सराय उदासीन आश्रम बड़ी संगत के प्रबंधक बजरंग मुनि ने बताया कि, उन्होंने विशेष प्रयास करके यह पार्क स्वीकृत करवाया है।
यहां पर पार्क बन जाने से तीर्थ की महत्ता काफी बढ़ जाएगी। परिसर में पार्क बनने की सूचना से यहां के लोग प्रसन्न है। भुइयां ताली स्थित पूर्वी देवी मंदिर के पुजारी हरद्वारी बाबा, मनजीत सिंह, निरंकार गुप्ता, बाबूराम, संदीप अवस्थी, संजय त्रिवेदी, अंकित गुप्ता, निरंकार गुप्ता, सुमन तिवारी, वीरेंद्र मिश्रा रामू ने प्रसन्नता व्यक्त की है।