सीतापुर। मिठाइयों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए उत्पादन व एक्सपायरी तिथि लिखने के निर्देश पहले ही दिन बेअसर नजर आया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार से मिठाइयों पर उत्पादन की तारीख और एक्सपायरी तिथि का टैग लिख कर लगाना अनिवार्य किया गया था, लेकिन शहर के बाजारों में छोटे से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक में इसका कोई पालन होता नहीं दिखा। दुकानों पर पहले की तरह बिना तिथि अंकित किए मिठाइयों की बिक्री जारी रही।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के मुताबिक ग्राहकों को मिठाइयों की ताजगी और उनकी उपयोग की अंतिम तिथि की जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे उपभोक्ता मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और सुरक्षित इस्तेमाल की अवधि के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। खासकर त्योहारों और अन्य अवसरों पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच यह व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, निर्देश लागू होने के पहले दिन ही बाजार में इसकी अनदेखी देखने को मिली। इतना ही नहीं नियम का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारी भी बाजार में जांच-पड़ताल करते नजर नहीं आए। इससे दुकानदारों में निर्देशों को लेकर गंभीरता का अभाव दिखाई दिया। शहर के चुंगी चौकी, जेल रोड, बस स्टेशन, छोटा हनुमान मंदिर, नवीन चौक सहित अन्य स्थानों के प्रतिष्ठानों पर जमकर बिक्री होती रही।