आचार संहिता के फेर में फंसे पन्नाराम ने एक बार फिर से बीएसए की कुर्सी संभाल ली है। हाईकोर्ट के निर्देश पर जिलाधिकारी ने उन्हें शनिवार को जॉइन करा दिया है। कुशीनगर के बीएसए रहे पन्नाराम का जनपद सीतापुर स्थानांतरण हो गया था।
पन्नाराम ने चार जनवरी को सुबह जिले में उपस्थिति दर्ज करा दी थी। उसी दिन आचार संहिता प्रभावी हो गई। जिस पर डीएम ने जॉइनिंग कराने से इन्कार कर दिया था। मामले में चुनाव आयोग से मार्गदर्शन मांगा था।
चुनाव आयोग ने तत्कालीन बीएसए राजेंद्र सिंह को ही बीएसए माना। जिस पर पन्नाराम हाईकोर्ट की शरण में चले गए, जहां से उन्हें राहत मिली। हाईकोर्ट के निर्देश पर डीएम ने पन्नाराम को जॉइन करा दिया है।
बीएसए पन्नाराम ने शनिवार को बीआरसी मिश्रिख व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक मुआयना किया। इस दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। बीआरसी के मुआयने में पूरा स्टॉफ मौजूद मिला। अभिलेख दुरुस्त मिले।
इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय मिश्रिख पहुंचे। यहां पर पानी की टोटियां खराब मिलीं। जिस पर वार्डेन को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।