सीतापुर/सांडा। सकरन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक जंगली जानवर को देखा गया। ग्रामीणों ने उसके तेंदुआ होने की आशंका जताई है। वन विभाग पगचिह्न देखकर तेंदुआ होने की पुष्टि नहीं कर रहा है।
बेलवा निवासी दीपक मंगलवार को खेत में यूरिया डलवाने गया था। उनके साथ महादेव, वीरू व रामू भी मौजूद थे। इसी बीच पास के एक गन्ने के खेत में तेंदुए को बैठे देख सभी भाग खड़े हुए। शोर सुनकर तेंदुआ भी भागकर कहीं छुप गया। घबराए लोगों ने गांव आकर घटना की जानकारी दी। विपिन चौरसिया, संगम और उनकी मां ने भी बताया कि सोमवार रात उन्हें भी गांव के बाहर कुछ दूरी पर तेंदुआ दिखा था।
सूचना पाकर पहुंचे वन दरोगा नरेंद्र पाल ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पैरों के निशान से यह पता नहीं चल रहा है कि पगचिह्न तेंदुए के ही हैं। मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई है।