रेउसा (सीतापुर)। थाना थानगांव क्षेत्र के एक गांव में जुलूस के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना महंगा पड़ गया है। पुलिस ने शनिवार को प्रधान के पांच समर्थकों को जेल भेज दिया है। बीते शुक्रवार को इस घटना का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की तहरीर पर एफआईआर लिखी गई थी।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेलौता में असलम प्रधान बने हैं। जीत की खुशी में जुलूस निकाला था। जुलूस के दौरान कोविड नियमों को ताख पर रख दिया गया था। इस दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगे थे। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। बजरंग दल के कार्यकर्ता संदीप ने वीडियो को ट्वीट करके थानगांव थाने में तहरीर दी थी।
उधर, वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में तनाव का माहौल हो गया। पुलिस ने तत्काल जुलूस में शामिल लोगों की तलाश शुरू दी। एसओ थानगांव अनिल कुमार ने बताया कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने के मामले में केस दर्ज करने के बाद प्रधान के समर्थक आरिफ, सलमान, अतीक, फरीद समेत पांच को जेल भेज दिया गया है।