सीतापुर। फैमिली आईडी का लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी ग्राम पंचायतों और निकायों के वार्ड में 10 अप्रैल तक कैंप आयोजित किए जाएंगे। डीएम डॉ राजा गणपति आर ने सभी बीडीओ और अधिशासी अधिकारियों को तेजी से कैंपों का आयोजन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राशन कार्ड धारकों को छोड़कर ग्रामीण और नगर क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार की फैमिली आईडी बनाई जाएगी।
जिले में 10 हजार 870 वृद्धावस्था पेंशन धारक, 13 हजार 911 निराश्रित महिला पेंशनधारक, 3050 दिव्यांगजन पेंशनधारक और 1 लाख 12 हजार 777 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियाें की फैमिली आईडी बननी है। इससे अगले वर्ष शासन की प्राथमिकता के अनुसार सभी लाभार्थियों को पेंशन व किसान सम्मान निधि मिलती रहेगी। डीएम ने फैमिली आईडी से संबंधित सभी विभागों के कार्यालाध्यक्षों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि एक परिवार एक पहचान के तहत जिन नागरिकों के पास राशन कार्ड नहीं है, उन परिवारों की फैमिली आईडी जरूर बनाई जाए।
फैमिली आईडी बनाने का बढ़ा लक्ष्य
जिले में फैमिली आईडी के पूर्व लक्ष्य 1 लाख 45 हजार 262 को बढ़ाया गया है। अब नया लक्ष्य 2 लाख 10 हजार 478 हो गया है। इसमें मनरेगा के तहत पंजीकृत श्रमिकों का लक्ष्य 45 हजार 939, सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में निशुल्क यूनीफार्म,जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग के तहत 32 हजार 526 और श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की संख्या 23 हजार 894 निर्धारित कर फैमिली आईडी कार्ड बनाए जाने हैं। इसकी कवायद की जाएगी।
- तिलक सिंह, जिला अर्थ व संख्याधिकारी