सकरन। ग्राम पंचायत बसहिया कोठार में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने प्रधान मालती देवी और तत्कालीन सचिव विकास तिवारी से तीन लाख रुपये से अधिक की धनराशि की रिकवरी के आदेश दिए हैं।
गांव निवासी जैनुल आबदिन ने 2 दिसंबर 2025 को डीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें सामुदायिक शौचालय का भुगतान एपीजे अब्दुल कलाम स्वयं सहायता समूह को न करके लाल बहादुर शास्त्री स्वयं सहायता समूह को करने का आरोप लगाया था।
इसके अतिरिक्त पंचायत भवन में सोलर पैनल, कंप्यूटर, सीसीटीवी, लाइब्रेरी स्थापना और वाटर कूलर के नाम पर भी फर्जी भुगतान की शिकायत की थी। इस मामले की जांच बीडीओ श्रीश कुमार गुप्ता ने की थी। जांच में भुगतान फर्जी पाए गए।
जांच आख्या में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह शासकीय धनराशि का दुरुपयोग है, जिसकी वसूली वर्तमान प्रधान व तत्कालीन सचिव से की जानी चाहिए। डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।