सरेशाम दो राउंड फायरिंग से सनसनी फैल गई। गोली लगने से जख्मी प्रधान के भाई को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिसावां के पुरैना गांव निवासी आनंद गुप्ता खीरी के मैगलगंज में मकान बनाकर उसमें दुकान करता है। आनंद के भाई कमल गुप्ता प्रधान हैं।
बताते हैं कि आनंद अपने छोटे भाई दुर्गेश के साथ शनिवार देर शाम मैगलगंज से बाइक पर सवार होकर पुरैना जा रहा था। जब ये दोनों लोग पिसावां इलाके के पड़रिया गांव जाने वाले मोड़ पर पहुंचे तो वहां एक नकाबपोश ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।
उसके दोनों हाथों में तमंचे थे। फायरिंग में एक गोली आनंद के बाएं हाथ में जा लगी और दूसरी हेलमेट से छूती हुई निकल गई। बदमाश गोलियां चलाने के बाद भाग निकला। गोली लगने के बाद भी आनंद ने बाइक नहीं रोकी।
कुछ दूर जाने के बाद वह बाइक समेत गिर गया। जिसके बाद किसी तरह घरवालों को सूचना दी। परिवारीजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी पिसावां ले गए। घटना को लेकर थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
एसओ रंधा सिंह का कहना है कि घटना संदिग्ध नजर आ रही है, लेकिन मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।