सीतापुर। सावन के दूसरे दिन शनिवार को बादल तरसाते ही रहे। शहर में कुछ देर के लिए बारिश हुई, पर अगले ही पहर मौसम फिर साफ हो गया। शहर के अलावा बाकी इलाकों में बादलों ने धमाचौकड़ी तो खूब मचाई लेकिन बरसे बगैर चले गए। धूप-छांव के बीच उमस ने लोगों को बेहाल किया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सावन आने के बाद भी जिले में लोग अच्छी बारिश के लिए अभी इंतजार ही कर रहे हैं। बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शनिवार को मौसम का मिलाजुला असर रहा। सुबह तेज धूप निकलने से गर्मी ने सताया। इसके बाद धूप-छांव का दौर शुरू हो गया। शहर में कुछ देर के लिए बारिश हुई, लेकिन अगले ही पहर मौसम साफ हो गया। धूप-छांव के कारण उमस बनी रही। उमस और गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया। पंखे व कूलर गर्मी से राहत दिला पाने में असमर्थ साबित हुए। बादलों के छाने से कुछ राहत मिलती लेकिन बादलों के छंटते ही तीखी धूप बेचैन करने लगती। सावन में बादलों की बेरुखी से किसान भी चिंतित हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक बादल छाने के साथ कुछ इलाकों में बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है।