लहरपुर तहसील सभागार में शिकायतें सुनते अफसर। संवाद
सीतापुर। स्थानीय स्तर पर जनता की शिकायतों व समस्याओं का निपटारा करने के उद्देश्य से जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। पूरे जिले में कुल 266 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 36 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया।
तहसील सिधौली में कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से नौ का मौके पर निपटारा किया गया। महमूदाबाद में 26 में से सात, तहसील सदर में 43 में से छह, लहरपुर में 26 में से तीन, बिसवां में 29 में से पांच, महोली में 30 में से दो तथा मिश्रिख तहसील में आए 36 प्रार्थना-पत्रों में से चार का मौके पर निपटारा किया जा सका। अन्य शिकायतों को पृष्ठांकित कर एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने की मांग
लहरपुर नगर के मोहल्ला बेहटी निवासी राकेश तिवारी ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी कृषि योग्य भूमि गाटा संख्या 1544 ग्राम लच्छन नगर में स्थित है। खेत तक जाने वाले चकमार्ग को पड़ोसी किसानों द्वारा अपने खेतों में मिला लिया गया है, जिससे खेत तक जाने में परेशानी हो रही है। कई बार तहसील दिवस, जिलाधिकारी से शिकायत की गई लेकिन अभी तक समस्या का निपटारा नहीं हो सका है। राकेश ने चकमार्ग कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
खेत में झूल रहे बिजली के तार
मिश्रिख तहसील में ग्राम गौरीहार मजरा नारायणपुर निवासी सुरेश ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके खेत से निकली हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार काफी नीचे आ गए हैं, जिससे खेत में काम करते समय हादसे की आशंका बनी रहती है। सुरेश ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से इस समस्या की शिकायत की लेकिन अभी तक निदान नहीं हो सका है। आरोप है कि विभागीय कर्मचारी खंभा लगाने के लिए दो हजार रुपये की मांग करते हैं।