सीतापुर। जिला अस्पताल में ऑनलाइन ओपीडी का विस्तार होगा। अब प्रत्येक माह कम से कम 10 हजार मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी की जाएगी। इस समय करीब दो हजार मरीजों की ऑनलाइन ओपीडी चल रही है। साथ ही अब इसे बढ़ाकर परचा से लेकर परामर्श व जांच तक को ऑनलाइन सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसको लेकर अस्पताल में तैयारियां चल रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इस समय रोजाना 2200 से 2500 के करीब मरीज आ रहे हैं। इन मरीजों में करीब 70 फीसद की आभा आईडी बनवाई जा रही है। इसके जरिये इन्हें ऑनलाइन सुविधा से जोड़ा जा रहा है। डिजिटल आयुष्मान भारत के तहत अब सबसे अधिक फोकस ऑनलाइन ओपीडी को लेकर है। अभी तक अस्पताल के सात चिकित्सक ऑनलाइन ओपीडी कर रहे हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 15 तक की जानी है।
नई व्यवस्था के तहत परचा ऑनलाइन ही बनेगा। ऑनलाइन ही परामर्श चिकित्सक दर्ज करेंगे। इसके बाद ऑनलाइन ही जांच व दवा वितरण की कार्रवाई की जाएगी। इससे एक मरीज का पूरा परामर्श ऑनलाइन ही रहेगा। इसका फायदा यह होगा कि जब कभी दोबारा मरीज अस्पताल आएगा तो उसको इलाज से संबंध पूरी हिस्ट्री एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेंगी। इस सुविधा का विस्तार करने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ओपीडी का विस्तार किया जाना प्रस्तावित है। शासन स्तर से इसके लिए मैन पावर की डिमांड की गई है। वहीं, कुछ नये कंप्यूटर भी आने है। इस संंबंध में शासन को पत्र लिखा गया है।