लहरपुर इलाके में हादसे के बाद घायल को लेकर जाती एंबुलेंस।- संवाद
कल्ली चौराहा। मछरेहटा-कल्ली मार्ग पर बुधवार को बाइक सवार दो लोग डीसीएम की चपेट में आ गए। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
संदना के केसुआमऊ निवासी सोनू (30) गांव के ही विमल (48) के साथ अपनी बाइक से मछरेहटा की तरफ जा रहे थे। कल्ली-मछरेहटा मार्ग पर उचौली पुरवा के पास दोनों सामने से आ रहे डीसीएम की चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अपनी गाड़ी से सीएचसी मछरेहटा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विमल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इंस्पेक्टर मान सिंह पाल ने बताया कि डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया गया है। डीसीएम को भी कब्जे में लिया है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक एक की जान गई, दो घायल
संवाद न्यूज एजेंसी लहरपुर। क्षेत्र के अहिरनपुरवा गांव के निकट मंगलवार देर रात ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक व एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों एक ही बाइक से बरात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तालगांव के काजीसरांय निवासी आदित्य कुमार (16), शादीपुर फत्तेपुर गांव निवासी आकाश (27) व लहरपुर के मुस्काबाद निवासी शिवमूर्ति (26) एक ही बाइक से तालगांव के मानपुर गांव एक बरात में शामिल होने जा रहे थे। बरात हरगांव के रतनपुर गांव जानी थी।लहरपुर-बिसवां मार्ग पर अहिरनपुरवा गांव के निकट सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी लहरपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। आदित्य व शिवमूर्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।