इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार प्रधान के भाई को ठोकर मार दी। वह खाना खाकर घर से कारखाना को जा रहा था। हादसे में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पर नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रास्ते में उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही। थाना क्षेत्र के पचैनापुर के प्रधान अब्दुल कयूम के भाई रशीद (52) पुत्र नसीरूददीन दोपहर के बाद खाना खाकर वापस बाइक से इमलिया सुल्तानपुर में स्थित कारखाने को जा रहे थे।
इसी बीच रास्ते में गोला की ओर से आ रही तेज रफ़्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार रशीद को गंभीर रूप से जख्मी हो गए।हादसे को देख स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
घायल रशीद को आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एलिया में भर्ती कराया, जहां नाजुक हालत को देखते हुए डॉ नन्दलाल गुप्ता ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी बीच रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।