कमलापुर में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप।
- फोटो : SITAPUR
कमलापुर (सीतापुर)। बारातियों को लेकर लौट रही एक पिकअप हाईवे पर लोधौरा गांव के पास बस से टकराकर पलट गई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई। नौ लोग जख्मी हो गए।
घायलों में से तीन की हालत गंभीर है। उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कमलापुर थाना क्षेत्र के मलेली निवासी सोहन के बेटे रवि की बारात मंगलवार शाम अटरिया के फत्तेपुर मजरा देवसिंह रायपुर गांव गई थी। वहां से रात करीब एक बजे 10 बाराती एक पिकअप पर सवार होकर वापस लौट रहे थे।
पिकअप में डीजे का सामान भरा था। जब पिकअप कमलापुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर लोधौरा गांव के पास पहुंची, तभी एक बस साइड से टक्कर मार कर निकल गई।
इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप पर सवार सभी 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे का शिकार लोगों के लिए जब तक राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ, तब तक वाहन में सवार राम नरेश यादव (40) पुत्र लखईराम की मौत हो गई।