रेउसा। थानगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में एक डेढ़ वर्षीय मासूम ने उल्टी-दस्त से ग्रस्त होकर मंगलवार को दम तोड़ दिया। परिजन उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर इलाज के लिए लखनऊ ले गए थे। जहां, उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के लालपुर गांव निवासी मुकेश पांडेय के डेढ़ वर्षीय बेटे शिवा की बीते दिनों गर्मी लगने से तबीयत खराब हो गई थी। उसे उल्टी व दस्त होने लगे, परिजनों ने स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया। फायदा न होने पर लखनऊ ले गए। जहां एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। मंगलवार को मासूम ने दम तोड़ दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ अनंत मिश्र ने बताया कि मासूम की मौत की जानकारी नहीं है। गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। वहीं, ग्रामीणों को दवा का वितरण भी किया जाएगा।