कल्ली चौराहा (सीतापुर)। क्षेत्र में बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। रविवार को बुखार से पीड़ित एक वृद्ध की मौत हो गई है। वहीं गांव में 20 से अधिक लोग बीमार हैं। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंच सकी हैं। इससे मरीज झोलाछाप से इलाज करवाने को मजबूर हैं।
गोंदलामऊ ब्लॉक के ग्राम पंचायत बानपुर के मजरा हाजीपुर निवासी घुरई (72) को तेज बुखार आ रहा था। इनके पुत्र आसाराम ने बताया कि रविवार सुबह अचानक मौत हो गई।
आसाराम की पत्नी ज्ञानेंद्री व पुत्री ज्योति भी कई दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। इसके अलावा गांव में राजकुमारी, अरविंद कुमार, गोपी, रजनीश, अंजू, शराका, गंगा देवी, द्वारिका, राजपाल, रोहित सहित 20 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। गोंदलामऊ सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि सोमवार को गांव में टीम भेजी जाएगी।