सीतापुर। सीएम डैशबोर्ड पर बीते माह के विभागीय कार्यों की समीक्षा डीएम अभिषेक आनंद ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में अफसर लापरवाही न बरतें। लक्ष्य के अनुसार वसूली होनी चाहिए। प्रवर्तन कार्य प्रभावी ढंग से किया जाए।
डीएम ने कहा कि लंबित मुकदमों का समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए। कई साल से लंबित चल रहे मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने दस्तावेजों में गलतियों के सुधार, नामांतरण, निर्विवादित उत्तराधिकार, स्वामित्व योजना, पैमाइश आदि की समीक्षा की।
जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए। उसे निस्तारण की जानकारी दी जाए। खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।