प्रशासन व ऑयल कंपनी के अधिकारियों की टीम ने सोमवार को सिधौली क्षेत्र के तीन पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। बाड़ी स्थित पेट्रोल पंप की एक मशीन में गड़बड़ी मिली। अधिकारियों के अनुसार पांच लीटर में 30 मिली तेल कम निकल रहा था। पंप के तेल बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
एसडीएम शेरी, जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह, बांट माप अधिकारी मुकुल उपाध्याय ने तेल कंपनियों के अधिकारियों की टीम के साथ सोमवार को बाड़ी स्थित हमारा पेट्रोल पंप पर छापा मारा।
इस दौरान अधिकारियों ने वहां लगी मशीनों के पुर्जे चेक किए और लीटर में तेल नाप कर देखा। एक मशीन में गड़बड़ी मिली। अधिकारियों ने पाया कि उस मशीन से पांच लीटर में करीब 30 मिली तेल कम निकल रहा था।
घटतौली को पकड़ने के बाद अधिकारियों ने वहां पर तेल बिक्री पर रोक लगा दी। अधिकारियों की टीम ने कमलापुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर व सिधौली के अहमदपुर जट के निकट सांई फीलिंग स्टेशन पर छापेमारी की।
अधिकारियों की टीम ने सांई फीलिंग स्टेशन पर देर शाम तक जांच पड़ताल की, लेकिन उस पंप पर किसी भी तरह की खामी नहीं मिली। एसडीएम ने बताया कि तीन पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की गई है। बाड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर घटतौली पकड़ी गई है। वहां तेल बिक्री पर रोक लगा दी गई है। बाकी के दो पेट्रोल पंपों पर कोई कमी नहीं निकली है।