सीतापुर। हरगांव के नकुरीखुर्द निवासी रुपणलाल (36) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बुधवार शाम उनका झुलसा हुआ शव गांव में एक घर के पीछे पड़ा मिला। उनके परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेगी।
परिजनों के अनुसार गांव के ही कुछ लोगों से रुपणलाल की कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बुधवार को कहासुनी करने वाले लोग रुपणलाल को अपने साथ लेकर चले गए थे। शाम को उनका शव गांव के दर्शन के घर के पीछे पड़ा मिला। मौके पर आई फोरेंसिक टीम ने जांच की तो शरीर का कुछ हिस्सा झुलसा मिला है।
रुपणलाल की मां शीला के अनुसार धमकी देने वालों में एक पीतपुर निवासी महिला भी शामिल है, जिसके वहां अक्सर रुपणलाल शराब पीने के लिए जाता था। रुपणलाल का एक पुत्र है, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी सदर ने मौके पर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज होगी। जिन पर आरोप लगे हैं, वे सभी भाग गए हैं। उनके लिए टीमों को लगाया गया है।