सीतापुर। पीएचसी कमलापुर में प्रसव के बाद हुई महिला की मौत मामले में जांच पूरी हो गई है। जांच टीम ने प्रथम दृष्टया स्टाफ नर्स बेबी की लापरवाही मानी है। जिलाधिकारी ने कार्रवाई के लिए सीएमओ को निर्देश दिए हैं।
कमलापुर इलाके के भानपुर निवासी संजीत की पत्नी रामश्री को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने दो दिन पहले पीएचसी कमलापुर में भर्ती कराया था। प्रसव के बाद रामश्री की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इस पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपतिआर ने एसडीएम सिधौली की अध्यक्षता में कमेटी गठित करके जांच रिपोर्ट मांगी थी। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया।
सिधौली विधायक मनीष रावत व सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर ने गांव पहुंचकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार हुआ। इधर, जांच कमेटी ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट दे दी है। जांच टीम ने स्टाफ नर्स को दोषी मानते हुए कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है। सीएमओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।