सीतापुर। स्वास्थ्य विभाग ने बेहटा के सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस मरीजों की निगरानी के लिए एक कमेटी गठित की है। स्वास्थ्य विभाग की एक कमेटी निगरानी करेंगी। यह टीम दवा वितरण के 25वें दिन सीएचसी पर मरीजों को बुलाएगी। मरीजों की दवा की स्थिति देखकर अगले माह की एडवांस में दवाएं दी जाएगी ताकि मरीजों को दवा के अभाव में इलाज में कोई अंतराल न हो।
इस गांव में अब तक 141 लोग हेपेटाइटिस से पॉजिटिव मिले है। 78 मरीजों की केजीएमयू लखनऊ से वायरल लोड की जांच रिपोर्ट में 35 मरीज हेपेटाइटिस सी व 13 मरीज हेपेटाइटिस बी से संक्रमित मिले थे। इन 48 मरीजों का सीएचसी तंबौर के माध्यम से इलाज शुरू हो गया है। मरीजों की इलाज के दौरान बराबर निगरानी की जाएगी।
इसके लिए सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की है। यह टीम दवाओं पर नजर रखेंगी। शुरुआत में तीन माह का दवाओं का कोर्स कराया जा रहा है। 25वें दिन मरीजों को सीएचसी बुलाया जाएगा। इस दौरान वह अपनी दवाएं साथ लेकर आएंगे। दवा में कोई अंतराल न हो, इसके लिए उन्हें एडवांस में अगले माह की दवा दे दी जाएगी।
एक महीने की दी जाती है दवा
इन मरीजों का इलाज कर रही डॉ. स्वास्ति बाजपेयी ने बताया कि हेपेटाइटिस सी के मरीजों को 28 दिन की दवा दी जाती है। एक डिब्बा में दो तरह की दवाएं होती है। इसी तरह हेपेटाइटिस बी के मरीजों को एक डिब्बी दवा दी जाती है। यह 30 दिन की होती है।
हो रही है निगरानी
हेपेटाइटिस के मरीजों की बराबर निगरानी की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक तंबौर मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ