सीतापुर। पीएम आवास पूर्ण न कराने व शौचालय की धनराशि के दुरुपयोग मामले में चार सचिवों से जवाब तलब किया गया है। तीन मामले परसेंडी के हैं। एक प्रकरण लहरपुर ब्लॉक का है। तीन दिन में स्पष्टीकरण देना है। ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
विकासखंड परसेंडी में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी अजय कुमार गौतम की अधीन रही ग्राम पंचायतों में बीते तीन बरस के 23 पीएम आवास अपूर्ण हैं। इसी प्रकार सचिव जितेन्द्र पाल जिन ग्राम पंचायतों का काम देख रहे हैं, वहां 18 आवास पूर्ण नहीं हो सके हैं।
इसी ब्लॉक में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी अनिलेश कुमार यादव की लापरवाही से 22 आवास अपूर्ण हैं। इस संबंध मेें खंड विकास अधिकारी के निर्देश का भी पालन नहीं किया गया। इसकी जानकारी डीपीआरओ को देने पर उन्होंने तीनों सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। शौचालय की धनराशि के दुरुपयोग की शिकायत में ग्राम पंचायत जीतामऊ के सचिव से भी जवाब तलब किया गया है। इन पर 16 लाख दो हजार पांच सौ रुपये दुरुपयोग का आरोप है। इनसे साक्ष्यों सहित तीन दिन स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीपीआरओ इन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि संबंधित बीडीओ को नोटिस तामील कराने के लिए भेजा गया है।