कमलापुर (सीतापुर)। ब्लॉक कसमंडा में सरकारी धन का गबन करने वाले पांच प्रधानों को रिकवरी का नोटिस जारी किया गया है। पूर्व में सूचना के बाद भी अब तक धनराशि जमा नहीं किए जाने पर स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। एक सप्ताह के अंदर गबन की आधी रकम जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। धनराशि जमा नहीं करने पर ये अगला चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।
ब्लॉक कसमंडा की ग्राम पंचायत कैमा में वर्ष 2016-17 व 2018-19 में 12,70,938 रुपये का गबन किया गया है। वसूली के लिए प्रधान अनुराधा राजवंशी को पत्र लिखा गया था। इसके बाद भी धनराशि जमा नहीं की गई। अब प्रधानों का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। पंचायत चुनाव की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में गबन करने वाले प्रधानों से धनराशि वसूली के लिए नोटिस जारी किया गया है।
कैमा के अलावा ग्राम पंचायत कान्हमऊ में वर्ष 2018-19 में 5,45,850 रुपये, पूरनपुर में 20,05,580 रुपये, मानपारा में 5,09,200 तथा बम्हौरा में 3,47,100 रुपये का गबन किया गया है। धनराशि वसूली के लिए संबंधित प्रधानों मुन्नूलाल, बनवारी लाल, वन देवी व श्री कुमार को नोटिस जारी किया गया है। जिसमें एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों समेत स्पष्टीकरण या आधी रकम जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लॉक कसमंडा के सहायक विकास अधिकारी पंचायत ओम प्रकाश भार्गव ने बताया धनराशि जमा कर रसीद नहीं लेने पर प्रधानों को आगामी चुनाव लड़ने से वंचित रहना पड़ेगा।