नैपालापुर में बेसमेंट में चलती मिली स्वयं स्क्वायर लाइब्रेरी। स्रोत: दमकल विभाग
सीतापुर। लखनऊ में एनीमेशन सेंटर में भीषण अग्निकांड के बाद एक बार फिर प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद न्यूज एजेंसी ने मंगलवार को पूर्व में हुई जांचों का ब्योरा खंगाला तो चौंकाने वाली बात सामने आई। चार वर्ष पूर्व वर्ष 2022 में लखनऊ के होटल लेवाना में आग लगने के बाद जिले में 30 प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा गया था। चार साल बीतने के बावजूद कोई जवाब नहीं आया। हद तो यह हो गई कि अग्निशमन विभाग ने भी इस तरफ से अपनी आंखें मूंद लीं।
चेकिंग अभियान ठंडे बस्ते में चला गया। इनमें ज्यादातर होटल मालिक व अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं, जो धड़ल्ले से नियमों को ताक पर रखकर अपने प्रतिष्ठानों का संचालन कर रहे हैं।
वर्ष 2022 में लखनऊ के लेवाना होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में अग्निशमन विभाग ने जिले में संचालित करीब 30 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया था। इनमें से ज्यादातर ने नोटिसों का जवाब ही नहीं दिया है। सभी का संचालन जारी है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि तीस नोटिस के सापेक्ष एक-दो लोगों ने आधा-अधूरा जवाब भेजा। अन्य प्रतिष्ठानों का कोई जवाब नहीं आया। इनमें होटल पूजन, महेश रेस्टोरेंट, होटल टूरिस्ट आदि शामिल हैं। बताया कि इन सभी प्रतिष्ठानों को दोबारा नोटिस भेजेंगे।